
हाथरस 14 मई । लुटसान निवासी रूपेश कुमार ने अपने तीन सगे मामाओं पर कृषि भूमि जमीन का बैनामा कराने के नाम पर 6 लाख रुपये हड़पे का आरोप और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित के अनुसार उसकी ननिहाल बाड़ी गांव में है। उसके मामा जयकिशन, वीरपाल और छोटेलाल उर्फ पप्पू के पास लगभग 9.5 बीघा पैतृक कृषि भूमि थी। आरोप है कि तीनों ने आठ लाख रुपये में जमीन बेचने का आश्वासन देकर रूपेश के पिता से अलग-अलग किस्तों में धनराशि प्राप्त की। रूपेश कुमार ने बताया कि उसके पिता के बैंक खाते से जयकिशन को एक लाख रुपये, छोटेलाल के पुत्र देवकुमार को एक लाख रुपये तथा वीरपाल के पुत्र सतपाल को एक लाख रुपये चेक के माध्यम से भेजे गए। इसके अतिरिक्त सतपाल के खाते में 50 हजार रुपये और हस्तांतरित किए गए। स्वयं रूपेश ने भी अपने खाते से देवकुमार को 50 हजार रुपये, सतपाल को एक लाख रुपये और जयकिशन को एक लाख रुपये चेक के माध्यम से भेजे। इस प्रकार कुल छह लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।\ आरोप है कि दीपावली पर बैनामा कराने का वादा करने के बाद आरोपी मुकर गए और बाद में उक्त भूमि गांव के ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। जब रूपेश कुमार ने अपनी रकम वापस मांगी, तो जयकिशन ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next News :-हाथरस के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नील फैक्ट्री में लगी आग, लाखों रुपए के नुकसान की आशंका
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















