
हाथरस 14 मई । थाना हाथरस गेट पुलिस क्षेत्र के नगला तंदुला में बच्चों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक महिला और उसके देवर घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रेनू पत्नी अमजद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 अप्रैल 2026 की रात वह बच्चों को देखने के लिए बाहर गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान आस मोहम्मद, संजय, वकील और आरिफ ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ-साथ उसके देवर सोनू पर ईंट-पत्थरों तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में रेनू और सोनू दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।





















