मुरसान थानाध्यक्ष और मुंशी पर गंभीर आरोप, एफआईआर कमजोर करने का आरोप, पीड़ित ने मुख्यमंत्री से शिकायत

हाथरस (मुरसान) 13 मई । थाना मुरसान में थानाध्यक्ष और मुंशी पर मूल तहरीर में बदलाव कर कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का गंभीर आरोप लगा है। करील गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने Yogi Adityanath को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पीड़ित राजेंद्र सिंह के अनुसार, 3 मई 2026 को उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसके सिर पर सरिया से हमला किया गया। घटना में गंभीर चोटें आईं। अगले दिन 4 मई को उन्होंने थाना मुरसान में तहरीर दी, जिसमें हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।
राजेंद्र सिंह का आरोप है कि थाना पुलिस ने उनकी मूल तहरीर में कथित रूप से बदलाव कर दिया और हत्या के प्रयास से संबंधित आरोप हटाकर कमजोर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनके भतीजे को धमकाते हुए कहा कि “एसपी मेरी बिरादरी का है, एनकाउंटर कर दूंगा।” इसके अलावा, उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर कर तहरीर बदलने और कूटरचना किए जाने का आरोप लगाया है। राजेंद्र सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित थानाध्यक्ष और मुंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
























