
हाथरस 13 मई । शासन के आदेश और जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग जनपद में लगातार सक्रिय है। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई की। अभियान के अंतर्गत टीम हाथरस स्थित संविलियन विद्यालय लाल डिग्गी पहुँची। यहाँ बच्चों को परोसे जा रहे दाल-चावल की गुणवत्ता परखने के लिए ‘सर्वे नमूना’ लिया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद 61 बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की चलती-फिरती प्रयोगशाला ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ (FSW) के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में त्वरित जांच की गई। चावड गेट पर दाल, मिठाइयों और मसालों की मौके पर जांच कर रिपोर्ट से व्यापारियों और आम जनता को अवगत कराया गया। सादाबाद (मथुरा रोड) पर विभिन्न खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांची गई और लोगों को मिलावट के प्रति सतर्क किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम जनमानस को विशेष निर्देश दिए कि हमेशा ताजा भोजन ही ग्रहण करें और बासी खाने से पूरी तरह परहेज करें। सड़े-गले या कटे-फटे फल और सब्जियों का प्रयोग बिल्कुल न करें। पीने के लिए साफ पानी का उपयोग करें और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें। विभाग ने स्पष्ट किया कि फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, पारुल सिंह, सुरेंद्र कुमार गोंड, ओमकार कुशवाहा और डॉ. विकास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


























