
हाथरस 13 मई । शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जनसामान्य को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने हेतु 03 दिवसीय विशेष आधार शिविर के अंतर्गत बुधवार को जनपद के विभिन्न स्थलों पर विशेष कैम्पों का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रवर डाक अधीक्षक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
विशेष शिविर के अंतर्गत तहसील सिकंदराराऊ, तहसील सासनी परिसर तथा तहसील हाथरस क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा हेतु मुख्य डाकघर एवं विकास भवन परिसर में आधार सेवा कैम्प आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
आयोजित शिविरों में नए आधार नामांकन, आधार कार्ड में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, पता परिवर्तन, बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को आधार संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी भी प्रदान की गई। विकास भवन परिसर में आयोजित विशेष आधार कैम्प का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वयं भी अपना आधार अपडेट कराया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं समयबद्ध एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराई जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन एवं डाक विभाग द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि जिन नागरिकों को आधार से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य कराना हो, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं।
विशेष रूप से अवगत कराया गया है कि विकास भवन परिसर में आयोजित कैम्प में नए आधार कार्ड बनाए जाने का कार्य नहीं किया जाएगा, जबकि अन्य सभी निर्धारित स्थलों पर नए आधार कार्ड बनाए जाने के साथ-साथ आधार से संबंधित अन्य समस्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दिनांक 14 मई, 2026 एवं 15 मई, 2026 को भी विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सके। विकास भवन पर आयोजित विशेष आधार कैम्प में आज 38 लोगों का आधार अपडेट कार्य किया गया। इसी प्रकार तहसील सिकंदराऊ में 3 नए आधार बने और 36 लोगों के आधार अपडेट किए गए हैं। तथा तहसील सासनी में 10 नए आधार बनाए गए और 27 लोगों के आधार अपडेट किए गए हैं।


























