Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 मई । जनपद में विद्युत आपूर्ति को सुचारू, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ रोस्टर के अनुरूप आपूर्ति, ट्रांसफार्मर की स्थिति और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को सही और वास्तविक बिल मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए मीटर रीडरों का निर्धारित स्थल पर पहुंचकर नियमित रूप से रीडिंग लेना अनिवार्य है, ताकि आमजन को गलत बिलिंग के कारण अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान डीएम ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक करने या बिना विलंब बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि अतिरिक्त भार से बिजली बाधित न हो। जनपद में मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाई जाए ताकि आपात स्थिति में तुरंत आपूर्ति बहाल हो सके। यदि किसी कारणवश बिजली काटनी पड़े (शटडाउन), तो उसकी पूर्व सूचना क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से जनता तक समय से पहुंचाई जाए। जिलाधिकारी ने विद्युत चोरी और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली बिलों में अधिक राशि आने संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता (विद्युत) ने विभागीय योजनाओं और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO), एआर कोऑपरेटिव और अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page