Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 12 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत नगला विजन मार्ग स्थित ग्राम धर्मपुर पट्टी देवरी में सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि करीब दो बजे एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में फायरिंग की चर्चा भी फैल गई, हालांकि पुलिस ने मौके पर जांच के दौरान फायरिंग की पुष्टि से इनकार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्र पुत्र सीयाराम एवं जयप्रकाश पुत्र चित्रकुमार, जो एक ही परिवार के सदस्य हैं, के बीच पिछले कई वर्षों से भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते पूर्व में भी एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के विरुद्ध गाली-गलौज और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बताया गया कि मंगलवार देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान किसी तेज आवाज के कारण गांव में फायरिंग की अफवाह फैल गई। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर हमला किया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि जांच में फायरिंग जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। मौके से न तो कोई खोखा बरामद हुआ और न ही अन्य कोई साक्ष्य मिले। मामला केवल पारिवारिक भूमि विवाद से जुड़ा पाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से राजेंद्र पुत्र सीयाराम, गजेंद्र पुत्र अमर सिंह तथा जयप्रकाश पुत्र चित्रकुमार को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया। इसके बाद उन्हें चिकित्सीय परीक्षण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और मामले पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page