
हाथरस 09 मई । मथुरा रोड पर शुक्रवार रात कलेक्ट्रेट के पास हुए सड़क हादसे में बुलेट और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला बागला अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला की हालत नाजुक देख डाक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मथुरा के लक्ष्मी नगर निवासी ममता, उनके पति खजान सिंह और राजू पुत्र राम खिलोनी स्कूटी से हाथरस से अपने घर मथुरा लौट रहे थे। कलेक्ट्रेट पार कर गांव दर्शना के निकट मथुरा-बरेली मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बुलेट ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची मुरसान पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
























