
सादाबाद 09 मई । स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कार्यक्रम में कुल 160 महिलाओं का पंजीकरण किया गया, जिनकी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। जांच के उपरांत 130 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। इसके अतिरिक्त, महिलाओं के खून की जांच, गर्भावस्था संबंधी अन्य आवश्यक परीक्षण और स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व एवं प्रसव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगाए गए। वहीं, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष निगरानी में रखते हुए उन्हें जोखिम रहित उपचार केंद्रों से जोड़ने तथा नियमित जांच कराने की सलाह दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एफआरयू में हुए तीन सीजर ऑपरेशन का भी अवलोकन किया गया, जिसके बाद उन्होंने जच्चा-बच्चा की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. राय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लैब का भी निरीक्षण किया और वहां की जाने वाली जांचों के संबंध में मरीजों से प्रतिक्रिया ली। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने गर्मी के मौसम को देखते हुए समस्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य स्टाफ को मरीजों की समुचित देखभाल करने, पेयजल एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। इस अभियान में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
























