
सादाबाद 09 मई । स्थानीय दी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन वापसी और नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई। दो दिन चली नामांकन प्रक्रिया के बाद किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। चुनाव अधिकारियों द्वारा जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र वैध पाए। मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेंद्र पराशर, चुनाव अधिकारी दिग्विजय सिंह और सहायक चुनाव अधिकारी राकेश कुमार लाल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अनिल दीक्षित और वीरेंद्र सिंह चौधरी के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं, सचिव पद के लिए हम्भीर सिंह उर्फ अक्षय चौधरी, नरेंद्र सिंह और विवेक कुमार सारस्वत के बीच त्रिकोणीय टक्कर देखने को मिल सकती है। इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर ही मतदान होगा। इसके अलावा, कई अन्य पदों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। इनमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम पद पर कृष्ण गोपाल चतुर्वेदी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय पद पर नवीन शर्मा और कोषाध्यक्ष पद पर निशा गौतम शामिल हैं। संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर अरुण कुमार सिंह एवं राजेश शर्मा तथा संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर हरिओम गिरी ने एकल नामांकन किया था, जिसके बाद उन्हें भी निर्विरोध चुना गया।चुनाव अधिकारियों के अनुसार, अध्यक्ष और सचिव पद के लिए मतदान 16 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
























