Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 09 मई । मानवता की सेवा में अग्रणी के.डी. विश्वविद्यालय तथा रेडक्रॉस सोसाइटी मथुरा के संयुक्त प्रयासों से शुक्रवार को के.डी. हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर तथा एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक चिकित्सकों तथा मेडिकल छात्र-छात्राओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में सबसे पहले केडी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के शुभारम्भ पर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. चित्रेश, डॉ. आलोक कुमार एवं केडी यूनिवर्सिटी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्रवाल, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार एवं के.डी. मेडिकल कॉलेज के डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगन दीप सिंह, प्रो. डॉ. गुलशन कुमार एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन महेश खंडेलवाल एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। रक्तदान का सिलसिला लगभग तीन बजे तक चला जिसमें चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर के समापन समारोह में केडी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. मनेष लाहौरी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास अग्रवाल, डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों का स्वागत किया। उसमें आयोजित व्याख्यान में रेडकॉस सोसायटी मथुरा के चेयरमैन महेश खंडेलवाल ने मानवता की सेवा में रेडक्रॉस सोसाइटी की भूमिका और उसके कार्यो पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री खंडेलवाल ने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी न केवल युद्ध, भूकम्प, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ितों तक सहायता पहुंचाती है, अपितु शांतिकाल में भी रक्तदान, क्षय रोगियों की सेवा, जागरूकता अभियान आदि के माध्यम से निरन्तर सेवा कार्यों में लगी रहती है।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के सभापति और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महासचिव रामानन्द कटियार, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के निर्देशानुसार रेडक्रॉस की मथुरा जनपद इकाई हर दिन, हर पल सेवा को तत्पर रहती है। श्री खंडेलवाल ने एक अच्छे आयोजन में सहयोग के लिए केडी विश्वविद्यालय प्रबंधन तथा केडी हॉस्पिटल के चिकित्सकों तथा टेक्नीशियनों की प्रशंसा की तथा कहा कि निकट भविष्य में रेडकॉस सोसाइटी के.डी. विश्वविद्यालय के साथ मिलकर समाज सेवा के कार्यों को विस्तार देगी।

केडी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. मनेष लाहौरी ने रेडक्रॉस सोसायटी के सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि दुनिया में सबसे बड़ा दान रक्तदान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से इंसान को कोई शारीरिक परेशानी नहीं होती लिहाजा प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने रेडकॉस सोसायटी मथुरा के सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा की तथा एक अच्छे आयोजन में तन-मन से सहयोग करने के लिए उसके पदाधिकारियों चेयरमैन महेश खंडेलवाल, सचिव अमृत लाल खंडेलवाल, प्रबन्ध समिति सदस्य शिव कुमार गुप्ता, डॉ. विनीता गुप्ता, डॉ. चंद्रप्रकाश राजौरिया, पंकज यादव आदि का धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में रक्तदान को प्रोत्साहन के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page