सिकंदराराऊ 07 मई । भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय पहुँचकर उपजिलाधिकारी संजय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए न्याय की मांग की। विशेष रूप से ग्राम अमौसी के पूर्व प्रधान संजय यादव और अन्य किसानों की पट्टे की भूमि का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बहादुरपुर स्थित किसानों की भूमि, जिस पर वे वर्षों से खेती कर रहे हैं, उसे वर्तमान प्रधान और अधिकारियों की मिलीभगत से वन विभाग की जमीन बताकर फसल नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम संजय कुमार ने इस प्रकरण में पीड़ित पक्ष से प्रार्थना पत्र मांगते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय का पूर्ण आश्वासन दिया है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गत 17 अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में शांतिपूर्वक जलेसर से गढ़मुक्तेश्वर जा रहे किसानों पर सिकंदराराऊ पुलिस ने बर्बरता दिखाई और उल्टा किसानों पर ही झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए। उन्होंने इस कार्रवाई को पूर्णतः निराधार बताते हुए कहा कि वे इस संबंध में पुलिस के उच्चाधिकारियों से मुलाकात करेंगे और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे। इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रधान संजय यादव, उपेंद्र यादव, महेंद्र सिंह यादव, मुकुट सिंह यादव सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी ओर, अमौसी की वर्तमान प्रधान सरोज देवी ने पूर्व प्रधान द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने दावा किया कि बहादुरपुर का उक्त मामला मनोरा पंचायत के अंतर्गत आता है और कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से अपने नाम खतौनी में दर्ज कराए हैं। प्रधान के अनुसार, यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।


























