
सिकंदराराऊ (हसायन) 07 मई । जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक प्रतिष्ठित दुग्ध उत्पादक प्लांट पर आज जीएसटी (GST) विभाग की टीम पहुंची । उत्तर प्रदेश सरकार लिखे कई वाहनों से पहुँची सर्वेयर टीम ने प्लांट के अंदर पहुँचते ही मुख्य द्वार बंद कर दिए और जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग को प्लांट से बाहर जाने वाले दूध, छाछ, घी और मिल्क पाउडर जैसे उत्पादों की चेकिंग की । इसी सूचना के आधार पर सर्वेयर टीम ने दोपहर को प्लांट पर धावा बोला। टीम के अधिकारियों ने संयंत्र के भीतर कागजों के सत्यापन सहित विभिन्न स्तरों पर बारीकी से छानबीन की। समाचार लिखे जाने तक टीम प्लांट के अंदर ही मौजूद थी और दस्तावेजों की जांच में जुटी थी। हालांकि, छापेमारी को लेकर जीएसटी विभाग के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों में तरह-तरह की चर्चाएं बनी रहीं।


























