
अलीगढ़ 06 मई । मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा संचालित रेडियो नारद 90.4 एफएम ने स्मार्ट एनजीओ के कार्यक्रम “सेहत सही लाभ कई” के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय संगीला में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान रेडियो नारद की टीम ने बच्चों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने, पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने और संतुलित एवं पौष्टिक खानपान अपनाने के बारे में जानकारी दी। टीम ने बच्चों को यह भी बताया कि सही खानपान और नियमित दिनचर्या से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। विद्यालय के बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका टीम द्वारा सरल और रोचक तरीके से उत्तर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया। यह कार्यक्रम पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


























