
हाथरस 05 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता कमल सिंह वालिया को जान से मारने की धमकी और घर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोपित नरेंद्र, अमित, सनी व कौशल समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर सुरक्षा की मांग की है। नगला बेरिया निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कमल सिंह ने बताया कि एक मई की शाम नई बस्ती टीका नगला में बौबी डाक्टर की दुकान पर बुद्ध पूर्णिमा का प्रोग्राम बनाने गए थे। आरोप है कि वहीं के नरेंद्र ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकाया। विरोध पर नरेंद्र मारपीट पर उतारू हो गया। कमल किसी तरह जान बचाकर प्रोग्राम अधूरा छोड़कर लौट आए। तहरीर के अनुसार, कुछ देर बाद नरेंद्र, उसके भाई अमित व सनी, कौशल पुत्र विजय सिंह व दो अन्य अज्ञात लोग लाठी-सरिया लेकर एकराय होकर कमल के घर में घुस आए। उस समय कमल घर पर नहीं थे। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर में तोड़फोड़ की और पत्नी स्नेहलता व बच्चों के सामने धमकी दी। कमल सिंह का दावा है कि गांव में स्थित भोले बाबा मंदिर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में अमित व कौशल की वीडियो फुटेज कैद है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

























