Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 04 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव मथुरापुर में भू-माफियाओं और दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ एक किसान की पुश्तैनी जमीन पर गांव के ही एक दबंग परिवार ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। आरोप है कि विरोध करने पर किसान को जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर तमंचा तान दिया गया। पीड़ित किसान ने तहसील से लेकर कोतवाली तक गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गांव मथुरापुर निवासी पीड़ित किसान उदयवीर सिंह पुत्र हरप्रसाद ने बताया कि उनका नया गाटा संख्या 1412 है, जिस पर वे लंबे समय से खेती करते आ रहे हैं। आरोप है कि 1 मई को गांव की ही एक महिला काश्तकार, उसके पति और पुत्र ने जबरन उदयवीर के खेत में घुसकर खड़ी बरसीम की फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया और उसमें पानी छोड़ दिया। उदयवीर सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने कब्जा रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस दौरान दबंग काश्तकार के पुत्र ने उदयवीर पर तमंचा तान दिया और कहा, “साले यहाँ से भाग जा, वरना जान से मार दिया जाएगा।” पीड़ित ने डर के मारे वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने गाटा संख्या 1400 का बैनामा कराया है, लेकिन वे जबरन गाटा संख्या 1412 (पीड़ित के खेत) पर कब्जा कर रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल नेम सिंह का कहना है कि मामला हाईकोर्ट में लंबित है और वहां से स्टे आदेश है। लेखपाल ने यह भी स्वीकार किया कि दूसरा पक्ष काफी जिद्दी स्वभाव का है और वह अपनी बैनामाशुदा जमीन के बजाय दूसरे की जमीन पर कब्जा करने पर आमादा है। पीड़ित किसान ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा और भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page