Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 मई । बिसावर में आज जनपद की वर्षगांठ पर ग्रामीणों और व्यापारियों ने ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, व्यापारी और युवा शामिल हुए। पंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं लंबे समय से उपेक्षित हैं। कई बार शिकायतें और ज्ञापन दिए जाने के बावजूद इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है, जिससे आमजन में गहरा रोष है। उन्होंने प्रशासन पर समस्याओं को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया। ग्रामीणों मनोज पंसारी और सुंदरसिंह ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। बिजली कटौती से किसान और व्यापारी दोनों प्रभावित हैं, वहीं पेयजल संकट भी लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जनपद गठन के 29 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हर साल बिसावर गांव में व्यापारी वर्ग द्वारा काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी रविवार को व्यापारियों और ग्रामीणों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। युवकों ने बाजार में जाकर व्यापारियों से संपर्क किया और उन्हें भी आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। पंचायत में मौजूद लोगों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। निर्णय लिया गया कि समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page