
सासनी 02 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव लौहर्रा के माजरा नगला सददा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन दिन पहले आई आंधी में टूटे और दीवार के सहारे टिके बिजली के खंभे से टकराकर एक 30 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव छौड़ा निवासी अनिल कुमार (30) पुत्र प्रताप सिंह उर्फ पप्पू शनिवार शाम करीब 4 बजे बाइक से अपने साथी ग्रीस के साथ नगला सददा होकर अपने गांव लौट रहे थे। नगला सददा में तीन दिन पहले आई आंधी के कारण एक विद्युत पोल टूटकर सड़क किनारे एक दीवार पर टिका हुआ था। बाइक निकालते समय अनिल का ध्यान भटक गया और पोल सीधे उनके सीने में जा लगा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि पीछे बैठा साथी बाल-बाल बच गया। घायल अनिल को आनन-फानन में ई-रिक्शा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और माता-पिता को रोता-बिलखता छोड़ गया है। मृतक के पिता प्रताप सिंह ने रोते हुए कहा कि अगर बिजली विभाग समय रहते टूटे पोल को हटा देता या ठीक कर देता, तो आज उनका बेटा जिंदा होता। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं।





















