Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मई । हाथरस विधानसभा क्षेत्र के गाँव सिंघर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर समाजसेवी वीरेंद्र सिंह द्वारा ‘सामाजिक समृद्धि समारोह’ एवं ‘प्रसादी कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने सहभागिता कर भगवान बुद्ध के शांति संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। समारोह का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बृजमोहन राही एडवोकेट और सपा के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी लल्लन बाबू एडवोकेट ने तथागत बुद्ध के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं, कांग्रेस शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ‘ओके’ ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। आयोजन समिति ने सभी मुख्य अतिथियों का फूलमालाएं पहनाकर और तथागत बुद्ध की तस्वीर भेंट कर भव्य स्वागत किया। सपा नेता बृजमोहन राही ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में जहाँ कई धर्म हिंसा की चपेट में हैं, वहीं बुद्ध धम्म एकमात्र ऐसा मार्ग है जो पूर्णतः शांति और अहिंसा का प्रबल समर्थक है। उन्होंने कहा कि तथागत के विचार ही मानवता को विनाश से बचा सकते हैं।

लल्लन बाबू एडवोकेट ने कहा कि बुद्ध धम्म को अपनाने वाले देश आज दुनिया की दौड़ में सबसे आगे हैं, जबकि भारत अपनी मूल विरासत से दूर होने के कारण शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर पिछड़ रहा है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ‘ओके’ ने कहा कि बुद्ध धम्म सत्य मार्ग की ओर ले जाने वाली एक वैज्ञानिक व्यवस्था है, जिसमें आडंबर और पाखंड के लिए कोई स्थान नहीं है। समारोह के उपरांत विशाल प्रसादी कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें गाँव सिंघर सहित आसपास के दर्जनों गाँवों से आए श्रद्धालुओं और आगंतुकों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वीरेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, रामबाबू, हुकम सिंह, कोमल सिंह, सोनू कुमार, विसम्बर, मूलचंद, मो. सादाब, खैर मोहम्मद, प्रेम सिंह, तालेबर, श्यामू, भगवती, सुरेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त उप-निरीक्षक बुद्ध सेन और अन्य युवाओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सुमित कुमार, देबदत्त, अरुण कुमार, देवेश, मोनू, सूरज, लक्की गौतम, सौरभ, दिवाकर, जीतू, अभिषेक और मंतेश कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page