
हाथरस 01 मई । आगरा स्थित 509 आर्मी बेस वर्कशॉप के परिसर में ‘ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलाइज फेडरेशन’ (AIDEF) की डिफेंस कोऑर्डिनेशन कमिटी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा की अध्यक्षता और महामंत्री भगवत प्रसाद शर्मा के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में साथी जयप्रकाश नारायण, एस.एम. जोशी, एस.एम. बनर्जी और अन्य महान श्रमिक नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पूरा परिसर “लाल सलाम” और “मजदूर एकता जिंदाबाद” के नारों से गुंजायमान रहा।
वक्ताओं ने विशेष रूप से 21 नवंबर 2025 से प्रभावी किए गए चार नए श्रम कानूनों पर गहरी चिंता और विरोध व्यक्त किया। डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा आठ घंटे के कार्य दिवस को बढ़ाकर 12 घंटे करने की योजना और हड़ताल के अधिकार पर अंकुश लगाना पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी और पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने वाली साजिश है। उन्होंने याद दिलाया कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने श्रम मंत्री रहते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर ‘8 घंटे काम, 8 घंटे आराम और 8 घंटे मनोरंजन’ का जो ऐतिहासिक कानून बनाया था, वर्तमान नीतियां उसे कमजोर कर रही हैं। कार्यक्रम में COD, MES, DRDO और एयरफोर्स जैसे विभिन्न सुरक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर इन नीतियों के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया और अंत में उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार द्वारा सभी का आभार व्यक्त करने के साथ सभा का समापन हुआ।
























