
हाथरस 01 मई । अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में एक अनूठी पहल की गई। उन्होंने किसी औपचारिक समारोह के बजाय स्वयं फावड़ा उठाकर नालों की सफाई की और श्रमदान कर समाज को स्वच्छता व श्रम के महत्व का संदेश दिया। अभियान की शुरुआत उनके कार्यालय ‘श्री राधा कृष्ण कृपा भवन’ के बाहर से हुई। यहाँ नालों में काफी समय से गंदगी और सिल्ट जमा थी। चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने स्वयं नाले की सफाई शुरू की, जिसे देख अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी इस अभियान में जुट गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है जब हम श्रम की गरिमा को समझें। समाज के निर्माण में पसीना बहाने वाले हर श्रमिक के प्रति हमारे मन में सम्मान होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जब एक वरिष्ठ नेता को स्वयं कीचड़ और गंदगी साफ करते देखा, तो स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अभियान में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, भाई चांद सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई गई, बल्कि यह भी संदेश दिया गया कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता।

























