
हाथरस 27 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा के तीसरे और आखिरी दिन भी जिले के 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में प्रशासन पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आया । आज आयोजित परीक्षा में भी अभ्यर्थियों का उत्साह देखा गया, वहीं सुरक्षा मानकों के पालन में कोई ढिलाई नहीं बरती गई। परीक्षा के लिए निर्धारित प्रत्येक पाली में 4416 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। आंकड़ों के अनुसार, आज आखिरी दिन की पहली पाली में 3460 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 956 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार, दूसरी पाली में 3498 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 918 अनुपस्थित दर्ज किए गए।























