
सिकंदराराऊ 24 अप्रैल । पुरदिलनगर रोड स्थित फारूकी समाज के कब्रिस्तान में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे डाले गए कूड़े के ढेर में लगी आग कब्रिस्तान तक फैल गई। भीषण गर्मी और सूखे कचरे के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए निजी संसाधनों से आग पर काबू पा लिया, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। कब्रिस्तान में आग फैलने की सूचना मिलते ही फारूकी समाज के सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुँचा। इस पर आक्रोश जताते हुए युवाओं ने खुद ही समर और पाइप के माध्यम से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। निवासियों का कहना है कि कूड़े के कारण कुछ दिन पहले भी आग लगी थी, जिससे सड़क किनारे के कई पेड़ झुलस गए थे। घटना के बाद फारूकी समाज के युवा नेता फैजान भारती ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे मनमाने ढंग से कूड़ा डालना स्वच्छता के दावों की पोल खोल रहा है और आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स से इस मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष मुशीर कुरैशी ने बताया कि नगर पालिका का स्थाई डंपिंग कूड़ा सेंटर जल्द ही सक्रिय हो जाएगा। इसके शुरू होते ही अस्थायी रूप से कूड़ा डालने की समस्या का समाधान हो जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

























