सिकंदराराऊ 24 अप्रैल । बाजीदपुर-अगसौली मार्ग पर स्थित आरिफपुर भोगपुर में शुक्रवार सुबह एक टेंट गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी विकराल थी कि गोदाम की दीवारें, शटर और लेंटर तक चटक गए। सूचना पर पहुँची दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, आरिफपुर भोगपुर निवासी उवैस खान पुत्र खलील नेताजी की गांव में ही टेंट की दुकान व गोदाम है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब लोग सोकर जाग ही रहे थे, तभी गोदाम से काला धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। शोर मचने पर मालिक उवैस खान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। तत्काल इसकी सूचना सिकंदराराऊ फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुँचे दमकल कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। गोदाम के अंदर धुआं भरा होने और लपटें तेज होने के कारण टीम को गोदाम की दीवार तक काटनी पड़ी, तब कहीं जाकर अंदर पानी की बौछारें डाली जा सकीं। करीब डेढ़ घंटे के संघर्ष के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक टेंट का सारा सामान खाक हो चुका था। आग की तपिश से बिल्डिंग को भी भारी नुकसान पहुँचा है।
साजिश की आशंका, पुलिस कर रही जांच
पीड़ित उवैस खान ने बताया कि गोदाम में न तो बिजली का कोई कनेक्शन है और न ही वहां कोई ज्वलनशील वस्तु रखी थी। ऐसे में उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिश के चलते जानबूझकर गोदाम में आग लगाई है। घटना की जानकारी मिलते ही बाजीदपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह राणा ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट (जो कि कनेक्शन न होने के कारण मुश्किल है) से लगी या यह किसी की शरारत है।

























