छापेमारी में मिला दवाईयों का भंडार, औषधि विभाग की टीम ने आईजीआरएस की शिकायत के संबंध में की छापेमारी
सादाबाद 23 अप्रैल । औषधि विभाग ने बुधवार देर रात एक मेडिकल स्टोर संचालक के गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान गोदाम में भारी मात्रा में दवाओं का स्टॉक मिला, लेकिन उनकी खरीद-बिक्री से संबंधित कोई अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं हो सका। औषधि निरीक्षक ने संचालक को कागजात प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। यह कार्रवाई रोडवेज बस स्टैंड स्थित मेडिकल स्टोर के खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप था कि मेडिकल स्टोर संचालक नारकोटिक्स श्रेणी की प्रतिबंधित दवाओं की खुलेआम बिक्री कर रहा है और प्रकाश नगर स्थित गोदाम में इनका बड़ा जखीरा जमा है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे गोदाम पर छापा मारा। टीम ने गोदाम में रखी दवाओं की गहन जांच की। प्रारंभिक जांच में नारकोटिक्स श्रेणी की कोई दवा नहीं मिली, लेकिन बड़ी मात्रा में दवाओं का स्टॉक अवश्य मिला, जिनके संबंध में कोई बिल या अन्य अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दवा विक्रेता से पूछताछ करने पर उसने बताया कि समस्त खरीद-बिक्री का हिसाब-किताब अकाउंटेंट के लैपटॉप में है, जो एक शादी समारोह में गया हुआ है। इस पर औषधि निरीक्षक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं। औषधि निरीक्षक ने बताया कि गोदाम में दवाओं के संबंध में अभिलेख न होना गंभीर अनियमितता है। उन्होंने दवा विक्रेता को तीन दिन के भीतर सभी आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस अवधि के दौरान गोदाम से दवाओं का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। वही गोदाम से घर के लिए दरवाजे को पूर्ण रूप से बंद करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

























