
हाथरस 23 अप्रैल । इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर हाथरस में कुशवाहा समाज की युवती से छेड़छाड़ और हत्या का भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र पाल गौतम, निवासी सीमापुरी दिल्ली के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं और वीडियो का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना था। क्या है मामला
वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश चंद्र शर्मा द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, एक्स पर से एक वीडियो प्रसारित हो रहा था। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए नजर आ रहा था कि “उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बेटी है कुशवाहा फैमिली की, जिसके साथ बहुत छेड़छाड़ की जा रही थी, बदतमीजी की जा रही थी। पुलिस को लिखित में कंप्लेन की कि मेरी हत्या हो सकती है, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। अंत में उस बिटिया की हत्या कर दी गई। यह वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ और लोगों में आक्रोश व भ्रम की स्थिति पैदा हुई। प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते ही उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
एसपी के निर्देश पर जनपद के समस्त थाना प्रभारियों से उक्त आरोपों की गहन जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि हाथरस जिले में कुशवाहा परिवार की किसी युवती के साथ छेड़छाड़ या हत्या जैसी कोई घटना घटित ही नहीं हुई है। किसी भी थाने में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई थी। वायरल वीडियो में लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से निराधार और असत्य पाए गए। विस्तृत जांच में यह भी पता चला कि उक्त वीडियो को राजेंद्र पाल गौतम, पूर्व विधायक कांग्रेस पार्टी, निवासी सीमापुरी दिल्ली द्वारा प्रसारित किया गया था। पुलिस ने तहरीर में आरोप लगाया कि पूर्व विधायक का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ना, लोक शांति में विध्न उत्पन्न करना, विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाना तथा शासन एवं प्रशासन की छवि को धूमिल करना था।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश चंद्र शर्मा की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने राजेंद्र पाल गौतम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एफआईआर में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि इंटरनेट मीडिया पर अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाकर समाज में तनाव पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

























