
हाथरस 23 अप्रैल । रिजर्व पुलिस लाइन्स हाथरस में आज आगरा जोन की 18वीं अंतर जनपदीय पुलिस (महिला एवं पुरुष) भारोत्तोलन कलस्टर प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर दो दिवसीय (23 व 24 अप्रैल) आयोजन का उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, योग और पावर लिफ्टिंग जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान आगरा जोन के सात जनपदों—आगरा कमिश्नरेट, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कासगंज, एटा और मेजबान हाथरस की टीमों ने बैंड की धुन पर अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि पुलिस बल में खेलकूद का विशेष महत्व है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक दृढ़ता को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना और अनुशासन का भी प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी लाइन्स और प्रतिसार निरीक्षक सहित पूरी पुलिस टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस खेल समागम का समापन 24 अप्रैल को होगा, जहाँ विभिन्न श्रेणियों में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

























