
हाथरस 20 अप्रैल। गांव छौंक निवासी एक युवक की सोमवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मृतक सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और तबीयत बिगड़ने के बाद से परिवार के लोग उसकी विशेष देखरेख कर रहे थे। सोमवार दोपहर वह घर पर अकेला था, इसी दौरान वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गांव से कुछ दूरी पर सलेमपुर के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, जहां किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में स्वजन को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























