
हाथरस २० अप्रैल। श्री रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज हाथरस की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव, उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन तथा कन्या इंटर कॉलेज सासनी हाथरस की प्रधानाचार्य डॉ. उमा कुमारी को शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर विद्यालयों को चयन दिलाने पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह लखनऊ स्थित रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन (सीटीई) के प्राचार्य अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से लगभग 409 प्रधानाचार्य एवं शिक्षक शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश/एससीईआरटी डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. नीतू यादव, डॉ. सौरभ जैन और डॉ. उमा कुमारी को मेडल एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रताप नारायण सिंह (निदेशक मनोविज्ञान शाला प्रयागराज) तथा अनिल भूषण चतुर्वेदी (निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा) भी मौजूद रहे। इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनमें रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की 16, कन्या इंटर कॉलेज सासनी की 13 तथा आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के 5 विद्यार्थी शामिल हैं। चयनित छात्रों को प्रतिवर्ष ₹12,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कार्यशाला में प्रधानाचार्यों ने प्रतियोगी परीक्षाओं एवं छात्रवृत्ति में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी सक्रिय रूप से विचार-विमर्श किया। जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने तीनों प्रधानाचार्यों के प्रयासों की सराहना की, वहीं जिला नोडल अधिकारी सत्यवीर सिंह एवं अलीगढ़ मंडल नोडल मुकेश यादव के सहयोग को भी सराहा गया।























