
हाथरस 19 अप्रैल । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला कैलाश नगर जाटान गली में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ घर के अंदर बैठी एक 60 वर्षीय वृद्धा पर पड़ोस की ही दो बहनों ने चाकू से हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया। शोर मचने पर हमलावर बहनें मौके से फरार हो गईं। घायल वृद्धा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी सरोज देवी (60 वर्ष) अपने घर पर अकेली थीं। इसी दौरान मोहल्ले की एक युवती बर्फ मांगने के बहाने उनके घर के अंदर दाखिल हुई। आरोप है कि घर में घुसते ही युवती ने वृद्धा का गला दबाने की कोशिश की। इसी बीच युवती की बड़ी बहन भी वहां पहुंच गई और दोनों ने मिलकर वृद्धा पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि संघर्ष के दौरान युवतियों ने चाकू निकाल लिया और वृद्धा की पीठ व हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुँचते, दोनों हमलावर बहनें वहां से भाग निकलीं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और घायल सरोज देवी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही हाथरस गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर हमलावर बहनों की तलाश शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
























