सिकंदराराऊ 19 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के गांव अगराना जरारा में दबंगों द्वारा एक किसान की पकी हुई गेहूं की फसल में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में लगभग 25 बीघा फसल जलकर राख हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमे में गांव अगराना जरारा निवासी आमोद पचौरी ने बताया कि उनके खेत में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी थी। आरोप है कि गांव लालगढ़ी निवासी अशोक कुमार यादव, हरिशंकर यादव, सुशील कुमार यादव, बृजेश कुमार यादव, ब्रह्मदेव व बुद्धसेन ने एक राय होकर खेत में पहुंचकर फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते करीब 25 बीघा फसल जलकर खाक हो गई। घटना के समय मौके पर मौजूद बबलू पचौरी, मनोज कुमार व संजय सिंह ने आरोपियों को आग लगाते देख रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जब तक पीड़ित परिवार के साथ खेत पर पहुंचा, तब तक भारी नुकसान हो चुका था। कोतवाली प्रभारी सिकंदराराऊ शिवकुमार शर्मा ने बताया कि आमोद पचौरी की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।























