आबकारी निरीक्षक ने सादाबाद क्षेत्र में शराब की दुकानों के स्टॉक खंगाले, विक्रेताओं को दी सख्त हिदायत

हाथरस 19 अप्रैल । आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी हाथरस के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 (अतिरिक्त प्रभार क्षेत्र-2 सादाबाद) कुलदीप चौहान ने अपनी टीम के साथ सादाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों का औचक निरीक्षण किया। टीम द्वारा थाना सादाबाद के अंतर्गत नौगांव, बिसावर, कुरसंडा, नयाबाग और सादाबाद प्रथम स्थित देशी व कंपोजिट शराब की दुकानों पर दबिश दी गई। निरीक्षण के दौरान आबकारी निरीक्षक ने दुकानों के स्टॉक का गहनता से मिलान किया और विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि पोस (POS) मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित की जाए। चेकिंग के दौरान मौजूद ग्राहकों और ग्रामीणों को भी अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। आबकारी टीम ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री या निर्माण की सूचना मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
























