
हाथरस 16 अप्रैल | जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य, जागरूकता, स्नेह एवं सम्मान का भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें जरूरी जानकारी और सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. वैभव शर्मा ने सरल और आत्मीय अंदाज में वृद्ध माताओं को बीपी, शुगर, हृदय रोग और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं के बारे में जानकारी दी तथा उनके निदान के उपाय बताए। साथ ही कुछ आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। उन्होंने दैनिक दिनचर्या, खान-पान में सावधानी और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी। वृद्धजनों को योग के कुछ आसान अभ्यास भी सिखाए गए और मेडिटेशन कराया गया, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया। संस्था की अध्यक्ष सीमा शर्मा ने वृद्ध माताओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि संस्था समय-समय पर उनकी देखभाल और बातचीत के लिए आती रहेगी, जिससे उन्हें अपनापन और सम्मान का अनुभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्धजनों को फल एवं खाद्य सामग्री भी वितरित की गई।इस सेवा कार्य में संस्था की चार्टर प्रेसिडेंट दीप्ति वार्ष्णेय, आईपीपी माधुरी वार्ष्णेय, मीडिया प्रभारी कल्पना गुप्ता, मनीषा शर्मा सहित अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहयोग किया।


























