Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अप्रैल । सिकंदराराऊ क्षेत्र से एक गंभीर दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहां ससुरालीजनों पर विवाहिता को करंट लगाकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मऊ चिरायल निवासी रामश्री देवी पत्नी कुंवर पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी राखी कुमारी की शादी 6 दिसंबर 2024 को विकास कुमार निवासी गांव मडराक, जनपद Aligarh के साथ की थी। विकास वर्तमान में हरियाणा में रहता है। शादी में करीब 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज के रूप में 5 लाख रुपये नकद की मांग कर लगातार प्रताड़ित करता रहा। आरोप है कि ससुरालीजनों ने विवाह में दिए गए आभूषण भी छीन लिए। 31 जनवरी को राखी के साथ मारपीट की गई। इसके बाद 1 फरवरी को पति विकास, ससुर, सास, ननद व ननदोई उसे मायके मऊ चिरायल (थाना सिकंदराराऊ) लेकर आए, जहां सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और बिजली का करंट लगाकर हत्या का प्रयास किया। बचाने आई मां रामश्री देवी को भी आरोपितों ने लात-घूसों से पीटा। साथ ही धमकी दी कि यदि 5 लाख रुपये नहीं दिए गए तो जान से मार देंगे। पीड़िता की मां ने बताया कि वे पहले कोतवाली सिकंदराराऊ पहुंचीं, जहां पुलिस ने तहरीर तो ले ली, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की और महिला थाना जाने की सलाह दी। इसके बाद महिला थाना हाथरस में तहरीर दी गई, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page