Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अप्रैल । थाना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला भूरा गांव में घरेलू कलह एक युवक की मौत का कारण बन गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अजीत के रूप में हुई है, जो पेशे से टेंपो चालक था। बताया जा रहा है कि अजीत की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद शुरू हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार अजीत लगातार अपनी पत्नी को वापस ससुराल लाने का प्रयास कर रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच फोन पर अक्सर कहासुनी होती थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के वापस न आने और लगातार विवाद के चलते अजीत मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। सोमवार देर रात अजीत ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page