Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 अप्रैल । कस्बे के प्रकाश नगर निवासी सचिन प्रताप सिंह सिसोदिया ने रसगवां रोड पर हुए गोलीकांड में अपने ताऊ और चाचा समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सचिन प्रताप सिंह सिसोदिया ने कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह मूल रूप से हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र के रसगवां गांव का निवासी है। आरोप है कि रविवार को वह अपने पैतृक गांव से खेती का काम देखकर मोटर साइकिल से सादाबाद लौट रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 8:40 बजे जब वह रसगवां रोड पर बोधपाल के खेत के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक सवार लोगों ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसके बाएं हाथ की बाजू में लगी, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि उसके ताऊ मुनेश्वर पुत्र लखपत सिंह और चाचा कौशल पुत्र योगेश्वर ने दो अन्य व्यक्तियों की मदद से इस घटना को अंजाम दिया। युवक का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है, जिसके चलते जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। सचिन ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने अपने भाई लोकेन्द्र को फोन किया, जो पांच से सात मिनट में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद घायल को उपचार के लिए सादाबाद और आगरा के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार को युवक कोतवाली पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आने से पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page