Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 अप्रैल । कस्बे के मुख्य बाजार में जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब तीन साल से खराब पड़ी इस सड़क से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पंचायत ने आगरा चुंगी से मुख्य बाजार मार्ग के निर्माण की शुरुआत की है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार और अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने बताया कि यह कार्य केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा। सड़क को पहले से अधिक ऊंचा और चौड़ा बनाया जाएगा। इसके साथ ही, पुरानी पुलियाओं का भी पुनर्निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बरसात में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। मुख्य बाजार सड़क के लिए 99 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित है। महर्षि वाल्मीकि वाटिका के पास सड़क के बीचों-बीच पुलिया निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके बाद काली मंदिर के निकट दूसरी पुलिया का निर्माण किया जाएगा। चौड़ीकरण योजना के तहत बाजार में तीन अलग-अलग हिस्सों में सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। आगरा चुंगी से जाहरवीर मंदिर तक सड़क 7 मीटर, जाहरवीर मंदिर से लवानिया प्रेस तक 6 मीटर और लवानिया प्रेस से कोतवाली मोड़ तक 5 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। वर्तमान में यह सड़क केवल 3.80 मीटर चौड़ी थी, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। अधिशासी अधिकारी के अनुसार निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सड़क की मोटाई भी 4 से 6 इंच तक बढ़ाई जाएगी ताकि यह लंबे समय तक टिकाऊ रहे। बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस निर्माण से यातायात सुगम होगा और बाजार की व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क चौड़ीकरण के बाद अतिक्रमण करने वाले ठेलों के लिए अलग वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page