सादाबाद 14 अप्रैल । आज संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के आगरा चुंगी, मोहल्ला पोखर वाला एवं नगला केसरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्कों में बड़ी संख्या में अनुयायी उमड़े और बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
आगरा चुंगी, मोहल्ला पोखर वाला और नगला केसरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्कों में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। अनुयायियों ने ‘जय भीम’ के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण गूंज उठा। समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने अपने ज्ञान और दूरदर्शिता से देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया और दलित, शोषित तथा पिछड़े वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की राह दिखाई।


























