सादाबाद 14 अप्रैल । 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत अग्निशमन विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। मंगलवार को विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर के विभिन्न बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को पंपलेट वितरित किए गए। विभाग ने गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि गर्मी में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से बिस्तर पर बीड़ी या सिगरेट न पीने की अपील की, क्योंकि इससे आग लगने का खतरा अधिक रहता है। साथ ही, घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने के बाद, विशेष रूप से रात में सोने से पहले रेगुलेटर बंद करने की सलाह दी गई। विभागीय कर्मचारियों ने बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि घरों और दुकानों में बिजली के ढीले तार आगजनी की बड़ी वजह बन सकते हैं। सभी को वायरिंग की नियमित जांच कराने और ढीले तारों को तुरंत ठीक कराने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त, ओवरलोड बिजली उपकरणों के इस्तेमाल से बचने और खराब स्विच बोर्ड को समय रहते बदलवाने की बात भी कही गई। अग्निशमन सप्ताह के तहत नगर के अलग-अलग स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। यहां कर्मचारियों ने आमजन को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक बचाव के तरीके बताए। लोगों को समझाया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और शुरुआती स्तर पर रेत, पानी या अग्निशामक यंत्र का प्रयोग करें।


























