
हाथरस 14 अप्रैल । मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में मंगलवार को भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जन्मदिवस अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव रॉय ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों ने उनके सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर सभी ने हर्षोल्लास के साथ मिष्ठान वितरण किया और बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मधुर कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार भारती, जिला मलेरिया अधिकारी प्रदीप रावत, डॉ. पवन छौंकर, विजय पाल सिंह, मनोज सैंगर, मोहम्मद शादाब, पुष्पेन्द्रवीर, दुष्यंत सिंह और पूनम शर्मा सहित कार्यालय के समस्त पटल सहायक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सामूहिक रूप से संविधान की रक्षा और सामाजिक सद्भाव का संकल्प लेकर कार्यक्रम का समापन किया गया।


























