
सिकंदराराऊ (हसायन) 11 अप्रैल । एक ओर जहां पूरा देश संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती की तैयारियों में जुटा है, वहीं कोतवाली क्षेत्र की एक पुलिस चौकी में तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) पर जयंती कार्यक्रम की अनुमति के नाम पर ‘सुविधा शुल्क’ वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं। चर्चा है कि गांव के कुछ युवकों से जांच आख्या (रिपोर्ट) लगाने के नाम पर दरोगा ने चार हजार रुपये की वसूली कर ली, लेकिन रुपये लेने के बावजूद अनुमति तो दूर, आवेदन के कागजात तक गायब कर दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक गांव के जनप्रतिनिधि ने बाबा साहब की जयंती पर रात्रिकालीन संगोष्ठी आयोजित करने के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। नियमानुसार, एसडीएम कार्यालय ने इस पर पुलिस की जांच आख्या मांगी थी। जब यह फाइल संबंधित चौकी क्षेत्र के हल्का दरोगा के पास पहुंची, तो आरोप है कि दरोगा ने रिपोर्ट लगाने के बदले युवकों से चार हजार रुपये ऐंठ लिए। सूत्रों के अनुसार, यह लेन-देन बीते गुरुवार (9 मार्च) की शाम को एक तिराहे पर हुआ। चौंकाने वाली बात यह है कि सुविधा शुल्क लेने के बाद भी न तो कार्यक्रम की अनुमति मिली और न ही प्रार्थना पत्र का पता चल रहा है। नाम न छापने की शर्त पर एक जनप्रतिनिधि ने बताया कि पुलिस के खौफ के कारण युवक खुलकर सामने आने से कतरा रहे हैं, लेकिन पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है।























