
सिकंदराराऊ 11 अप्रैल । मोहल्ला बगिया बारहेसैनी स्थित अक्रूर पार्क से वार्ष्णेय कुलभूषण श्री अक्रूर जी महाराज की भव्य शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं वार्ष्णेय समाज के वरिष्ठ बुजुर्गों द्वारा अक्रूर जी की आरती उतारकर किया गया। इससे पूर्व समाज के लोगों ने अक्रूर जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया। बैंड-बाजों और भक्तिमयी भजनों की धुन पर निकली यह शोभायात्रा अक्रूर पार्क से शुरू होकर स्टेट बैंक रोड, रोशनगंज, मंडी गांधी गंज, नया गंज, जीटी रोड, सब्जी मंडी रोड, राठी चौराहा, नौरंगाबाद पश्चिमी, नीम वाली गली और दमदमा होते हुए पुनः राधा कृष्ण मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में शामिल सैकड़ों श्रद्धालु भजनों पर जमकर थिरक रहे थे, वहीं श्री अक्रूर जी की मनमोहक प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी रही। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। जीटी रोड पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष (आगरा) व सपा नेता प्रबल प्रताप सिंह धनगर उर्फ राकेश बघेल ने पुष्पवर्षा की और सभी का पटका पहनाकर स्वागत किया। मंडी गांधी गंज में विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, वहीं राठी चौराहे पर सपा नेता महेंद्र सोलंकी ने भी यात्रियों का अभिनंदन किया। सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा और उप निरीक्षक मनु यादव भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। इस अवसर पर जितेंद्र वार्ष्णेय, विपिन वार्ष्णेय, विकास वार्ष्णेय देवा, संजीव महाजन, चंचल गुप्ता सहित भारी संख्या में वार्ष्णेय बंधु मौजूद रहे।


























