Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने देश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कैबिनेट में मानदेय बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और जल्द से जल्द इस संबंध में शासनादेश (जीओ) जारी करवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए। मुलाकात के दौरान संगठन द्वारा शिक्षामित्रों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, विशेष रूप से सेवाकाल को बढ़ाकर 62 वर्ष करने और वर्ष के सभी 12 माह मानदेय दिए जाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए इन सभी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने जनपद फर्रुखाबाद के वर्ष 2018 के अवशेष मानदेय के भुगतान का मुद्दा भी उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संबंधित विभाग को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पीलीभीत के विधायक बाबूलाल पासवान, प्रदेश महामंत्री उमेश कुमार पाण्डेय, प्रदेश प्रभारी रीना सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री ब्रजेश वशिष्ठ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह कुशवाहा और प्रदेश सह प्रवक्ता रामसागर गौतम ने इस मुलाकात को शिक्षामित्रों के हितों की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम बताया है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान हेतु कटिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page