Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 26 मार्च । स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश ने करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके मुख्य सदस्य मोहम्मद अल्ताफ सोजतवाला को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी फर्मों के जरिए सरकारी राजस्व को करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप है। एसटीएफ ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और नकदी बरामद की है, जो इस नेटवर्क के बड़े स्तर पर संचालन की पुष्टि करते हैं। अलीगढ़ में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान इस गिरोह का सुराग मिला था, जिसके बाद एसटीएफ को इस कार्रवाई के लिए लगाया गया।

चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ मिलकर तैयार करते थे फर्जी इनवॉइस

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अल्ताफ अपने साथी चार्टर्ड अकाउंटेंट आकाश पीयूष सोनी व अन्य के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी फर्मों का पंजीकरण कराता था। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके पहचान पत्र और महत्वपूर्ण दस्तावेज हासिल कर लेता था। इन दस्तावेजों के आधार पर कंपनियां खोलकर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार किए जाते थे, ताकि वास्तविक कारोबारियों को अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) उपलब्ध कराया जा सके। इस प्रक्रिया के माध्यम से करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी को अंजाम दिया जा रहा था।

चार राज्यों में फैला था जाल, ट्रांजिट रिमांड पर लाएगी पुलिस

एसटीएफ के अनुसार, यह गिरोह उत्तर प्रदेश के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे बड़े राज्यों में सक्रिय था। बैंक खातों के माध्यम से फर्जी लेनदेन दिखाकर रकम को नकद या अन्य माध्यमों से वापस ले लिया जाता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसटीएफ अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और चार्टर्ड अकाउंटेंट की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page