Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 मार्च । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव औड़पुर बरवाना में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला प्रकाश में आया है। युवती के परिजनों ने युवक को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की और फायरिंग कर दी। गोली युवक की कमर को छूती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी का मामला

मिली जानकारी के अनुसार, गांव औड़पुर बरवाना निवासी सुभाष का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर युवती के परिजन सुभाष से रंजिश रखते थे। बताया जा रहा है कि पूर्व में युवती के परिजनों ने सुभाष के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज कराया था, तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

दवा लेने जाते समय हुआ हमला

घायल सुभाष ने बताया कि बुधवार को वह अपने भाई के लिए दवा लेने घर से निकला था। रास्ते में घात लगाए बैठे युवती के परिजनों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी। गोली सुभाष की कमर के पास से रगड़ती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

हायर सेंटर रेफर, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुँची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page