
हाथरस/अलीगढ़ 09 अप्रैल । जैन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) द्वारा विश्व शांति और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ‘नवकार महामंत्र’ कार्यक्रम का अलीगढ़ मंडल स्तरीय भव्य आयोजन अलीगढ़ धर्म समाज महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में हाथरस से श्री जैन नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथरस से श्रद्धालुओं को अलीगढ़ ले जाने के लिए निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई थी। प्रस्थान से पूर्व बाल पंडित विशाल जैन ‘वैद’ ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कर बसों को रवाना किया। कार्यक्रम बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य राकेश भैया जी के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ। तीर्थ धाम मंगलायतन व पावन ग्रुप के संचालक तथा अलीगढ़ ‘जीतो’ चैप्टर चेयरमैन स्वप्लिन जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत में जैन समाज की जनसंख्या अत्यंत कम होने के बावजूद देश के कुल टैक्स राजस्व में इस समाज का 26 प्रतिशत योगदान है। उन्होंने ‘जीतो’ द्वारा जैन समाज के उत्थान और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त संगीता सिंह को ‘जीतो’ महिला विंग की चेयरमैन प्रीति जैन व अन्य महिलाओं ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंडलायुक्त ने कहा कि इस जाप में शामिल होकर उन्हें आत्मिक शांति मिली है और उनका दिन मंगलमय होगा। वहीं, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’ ने कहा कि नवकार महामंत्र की शक्ति का ही प्रभाव है कि खाड़ी देशों के युद्ध पर विराम लग गया है। समारोह में एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, मंडलायुक्त संगीता सिंह, और लगातार 24 वर्षों तक शिक्षक विधान परिषद सदस्य रहे जगवीर किशोर जैन को णमोकार महामंत्र अंकित प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अलीगढ़ जैन समाज के प्रमुख राजीव जैन ने किया। हाथरस से शामिल होने वाले प्रमुख जनों में उमाशंकर जैन, विजय जैन लोहिया, सुधीर जैन ज्वेलर्स, मयंक जैन लोहिया, यतीश जैन, सौरभ जैन रानू, धन्य कुमार जैन सोगानी, सोनू जैन लोहिया, हरीश जैन, अरविंद जैन (बैंक वाले) सहित बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।























