
हाथरस 26 मार्च । आगरा मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को वार्षिक परीक्षा फल एवं पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्ले-ग्रुप से लेकर कक्षा नवम एवं एकादश तक के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहिनों को रिपोर्ट कार्ड और आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी उत्साह व प्रसन्नता देखी गई। इस अवसर पर ‘सरस्वती प्रतिभा खोज’ (मेधावी परीक्षा) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हर्षवर्धन उपाध्याय और सेवानिवृत्त प्रवक्ता गिर्राज किशोर वशिष्ठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष शरद तिवारी ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, प्रबंधक अनिल, सदस्य रामनारायण वर्मा, सेवानिवृत्त परियोजना अधिकारी अगरिया और प्रधानाचार्य देवेश कुमार समाधिया ने मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था की सराहना की।

























