Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अप्रैल । राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (RMPU) से संबद्ध अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के महाविद्यालयों में शुल्क जमा करने की कछुआ चाल पर कुलपति ने कड़ा रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन छात्र-छात्राओं की फीस 7 अप्रैल तक जमा नहीं होगी, उन्हें आगामी सम सेमेस्टर परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि हालिया समीक्षा बैठक में सामने आया है कि इन चारों जनपदों के कई कॉलेजों में फीस जमा करने की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक है। विश्वविद्यालय ने साफ कर दिया है कि बिना शुल्क भुगतान के किसी भी परिस्थिति में छात्र का प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी नहीं किया जाएगा। यदि प्रवेश पत्र न मिलने के कारण कोई विद्यार्थी परीक्षा देने से चूक जाता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय प्रबंधन और स्वयं विद्यार्थी की होगी। इस संबंध में चारों जिलों के प्राचार्यों को आधिकारिक पत्र भेजकर अंतिम चेतावनी दे दी गई है। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 16 अप्रैल से प्रस्तावित हैं, जिसका विस्तृत कार्यक्रम पहले ही घोषित किया जा चुका है। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए विश्वविद्यालय अब किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page