
अलीगढ़ 24 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय के प्रो. किशन पाल सिंह द्वारा लिखित दो महत्वपूर्ण तकनीकी पुस्तकों का प्रकाशन हुआ है। इन पुस्तकों के शीर्षक “रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग: ए प्रैक्टिकल अप्रोच” तथा “हीट ट्रांसफर: ए प्रैक्टिकल अप्रोच” हैं। पुस्तकों का विमोचन कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा तथा डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि इस प्रकार की व्यावहारिक दृष्टिकोण पर आधारित पुस्तकें तकनीकी शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाएंगी तथा विद्यार्थियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। लेखक ने बताया कि इन पुस्तकों का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग एवं तकनीकी विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रयोगात्मक समझ प्रदान करना है। पुस्तकों में जटिल विषयों को सरल भाषा और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को विषय को समझने में आसानी होगी। इस कार्य में लैब तकनीशियन मुकेश कुमार का विशेष योगदान रहा। उन्होंने प्रयोगशाला आधारित सामग्री, उपकरणों की विस्तृत व्याख्या एवं प्रायोगिक पहलुओं के संकलन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


























