Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 07 अप्रैल । मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप मंगलवार को हसायन कस्बा सहित ग्रामीण अंचलों में मौसम ने अचानक करवट बदली। दोपहर तीन बजे के करीब आसमान में छाए घने काले बादलों और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ शुरू हुई तेज आंधी और झमाझम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। कुदरत के इस बदले मिजाज से रबी की पकी हुई गेहूं और सरसों की फसल को व्यापक नुकसान होने की संभावना है, जिससे अन्नदाता काफी चिंतित दिखाई दे रहा है।मंगलवार दोपहर आई तेज धूल भरी आंधी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नगला आल विद्युत फीडर की लाइन के तीन बिजली के खंभे पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। इसके चलते कस्बा और देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वर्तमान में क्षेत्र में गेहूं और सरसों की कटाई का काम जोरों पर है। किसानों ने बताया कि खेतों में कटी पड़ी सरसों और गेहूं की पकी हुई फसल बारिश के पानी में भीग गई है। तेज हवाओं के कारण गेहूं की खड़ी फसल भी खेतों में बिछ गई है, जिससे दाना काला पड़ने और पैदावार घटने का खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा, गुलाब की खेती और हाल ही में बोई गई मूंग व मक्का की फसल पर भी इस बेमौसम बरसात का बुरा असर पड़ा है। गांव रामपुर, बनवारीपुर, बदनपुर, बांण और नगला दली सहित विभिन्न गांवों के किसान बालकिशन, नत्थू सिंह, ओमप्रकाश, जितेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से मौसम खराब चल रहा है। मंगलवार को हुई भारी बारिश ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी। किसानों का कहना है कि खेतों में फसल कटकर तैयार रखी थी, लेकिन अचानक आई इस आपदा ने सब बर्बाद कर दिया। अगर बारिश जारी रही तो अगली फसल की बुवाई भी प्रभावित होगी। बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर हसायन, नगला बंजारा, अब्दुलहईपुर, जगदेवपुर, हैथा रघुनाथपुर, रसूलपुर, सीधामई, सिकतरा, अंडौली, इटरनी, बकायन, हैदलपुर, मथुरापुर और बरवाना सहित दर्जनों गांवों में देखने को मिला है। फिलहाल किसान अपनी कटी हुई फसलों को बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी चिंताओं को बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page